किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर : सहकारिता मंत्री
बोले-प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी दसवीं किस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारीलाल ने रविवार को बावल में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। प्रधानमंत्री ने किसानों को नववर्ष पर बड़ा तोहफा देते हुए पीएम किसान सम्मान निधि योजना की दसवीं किस्त जारी की है। केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह से किसान हितैषी है।
उन्होंने कहा कि देश के किसानों के सम्मान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसान परिवारों को जारी करने के लिए प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारें केवल किसान हितैषी होने का दिखावा करती थीं, जबकि वर्तमान केंद्र व हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए वास्तविक कदम उठाते हुए न केवल सम्मान निधि प्रदान की है, अपितु किसान कल्याण के लिए कई योजनाएं भी चलाई हैं। इनसे किसानों का कल्याण व उत्थान हो रहा है। डॉ. बनवारी लाल ने विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी।