भारत बंद के समर्थन में लोगों से अपील करते विधायक चिरंजीव राव व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव?
- फोटो : Rewari
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद का समर्थन करते हुए पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव की अध्यक्षता में विधायक चिरंजीव राव ने अपने समर्थकों के साथ शहर में तिरंगा यात्रा निकाली। कैप्टन अजय सिंह यादव ने अग्रसेन चौक से तिरंगा यात्रा शुरू कर बाजार में सभी दुकानदारों से हाथ जोड़कर दुकानें बंद कर भारत बंद का समर्थन करने की अपील की।
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कृषि के तीन काले कानूनों से पूंजीपतियों का बोलबाला हो जाएगा और किसान पूंजीपतियों की कठपुतली बनकर रह जाएगा। साथ ही एपीएमसी एक्ट से न मंडी रहेगी और न ही आढ़ती रहेंगे। महंगाई इतनी बढ़ जाएगी हर चीज मंहगी हो जाएगी और आम आदमी की पहुंच से दूर चली जाएगी। इसलिए सरकार को नए कानूनों को जल्द से जल्द रद्द करना चाहिए।
विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, सरसों के तेल के दामों सहित महंगाई सातवें आसमान पर है। देश में बेरोजगारी की वजह से बेरोजगारों की फौज तैयार हो चुकी है। मौजूदा सरकार में 35 पेपर लीक हो चुके हैं तो रोजगार कहां से मिलेगा। पूर्व मंत्री एम एल रंगा ने कहा कि गुुंगी बहरी सरकार के कान-आंख खोलने के लिए आज भारत बंद किया हुआ है, जिसका पूरे देश में असर दिखाई दे रहा है। भाजपा की सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ पूरे देश की जनता एक हो चुकी है और इस सरकार को बदलना चाहती है।