रेवाड़ी सीमा से सटे राजस्थान निवासी एक गांव की 30 वर्षीय महिला कंपनी कर्मी ने अपने सहकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विपिन उसके साथ कंपनी में काम करता है तथा दोनों में अच्छी जान पहचान है। 29 सितंबर को वह कंपनी जाने के लिए रेवाड़ी पहुंची थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार लेकर आए विपिन ने उसे अपने साथ चलने को कहा। वह उसके साथ गाड़ी में बैठ गई। रास्ते में गांव मांढैया के पास आरोपी ने साइड में कार खड़ी कर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद वह उसे अपने साथ कंपनी में ले गया। डर के कारण वह तत्काल तो कुछ नहीं बता पाई परंतु परिजनों द्वारा पूछने पर उसने आपबीती बता दी। जिसके बाद मैने परिजनों के साथ आकर शिकायत करने का निर्णय लिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांचकर्ता बालवति ने बताया कि अभी आरोपी का नाम ही पता चल पाया है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे काबू भी कर लिया जाएगा।