बावल। स्थानीय एक कंपनी के एक कर्मचारी ने पांच लाख रुपये उधार लेने के बाद नहीं लौटाए। साथ ही नौकरी छोड़ने से पहले चार लाख रुपये की मशीनरी के उपकरण भी चोरी कर ली। कंपनी के प्रोपराइटर ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
बावल सेक्टर-3 आईएमटी स्थित मैसर्ज एनवी इंटरप्राइजेज कंपनी के प्रोपराइटर विकास ने बताया कि गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क इलाके में रहने वाले संदीप ने 2019 में कंपनी में बतौर ऑपरेटर कम फोरमैन की नौकरी शुरू की थी। उसके बाद वह लगातार कंपनी में काम करता रहा। कुछ समय पहले उसने निजी काम का हवाला देते हुए पहले 1.20 लाख रुपये और भी कुछ किश्तों में 3 लाख 80 हजार रुपये उधार लिए। इसके सबूत भी है, लेकिन समय बीतने के बाद भी उसने पैसे नहीं लौटाए। साथ ही मई माह में बगैर किसी कारण के नौकरी भी छोड़ दी। इस बीच जांच की गई तो पता चला कि संदीप कंपनी के 4 लाख रुपये की मशीनरी के उपकरण भी चोरी कर ले गया।
प्रोपराइटर ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। विकास ने इसकी शिकायत कसौला थाना पुलिस को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद एसपी राजेश कुमार को शिकायत दी गई। एसपी के आदेश पर कसौला थाना पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ अमानत में खयानत और चोरी का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी आरोपी फरार है।