रेवाड़ी का जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हुसैनपुर अध्यापकों के अपने व्यवसायिक कौशल में वृद्धि करने के लिए प्रयासरत है। आधुनिक सूचना संचार एवं प्रौद्योगिकी की नई-नई तकनीक सीखने के लिए 10 दिवसीय ऑनलाइन ई-कंटेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किया जाएगा।
यह कार्यक्रम दो चरणों में 23 से 27 और 31 अगस्त से चार सितंबर तक सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक आयोजित होगा। वहीं कार्यक्रम के आयोजन को लेकर एनसीईआरटी व एससीईआरटी हरियाणा द्वारा प्रशिक्षित प्रशिक्षण टीम ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। संस्थान के मनोविज्ञान विषय के प्रवक्ता एवं इस प्रशिक्षण के तकनीकी समन्वयक दीपक कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण शुरू करने से पहले संस्थान की एजुकेशनल टेक्नोलॉजी विग द्वारा अध्यापकों का एक नीड असेसमेंट सर्वे गूगल फार्म के माध्यम से किया गया था। जिसके परिणाम के आधार पर इस प्रशिक्षण के लिए केवल उन्हीं प्रतिभागियों का चुनाव किया गया है, जिनके पास कंप्यूटर/ लैपटॉप और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है और जो इसमें रुचि रखते हैं। उन्होंने बताया कि संपूर्ण प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-कंटेंट डेवलपमेंट के लिए 24 नए एप व साफ्टवेयर की सैद्धांतिक व प्रयोगात्मक जानकारी है। संस्थान की एजुकेशनल टेक्नोलॉजी विग प्रभारी एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बीर सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं सर्व खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। इसके अलावा प्रतिभागियों को टेलीग्राम व जूम एप भी डाउनलोड करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, ताकि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कोई कठिनाई न हो।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हुसैनपुर के प्राचार्य शमशेर सिंह ने बताया कि सोमवार से आयोजित होने वाले ऑनलाइन ई-कंटेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से अध्यापकों को विभिन्न प्रकार के एप व साफ्टवेयर के उपयोग की जानकारी मिलेगी।