निरीक्षण के दौरान रजिस्टर चेक करते एसडीएम होशियार सिंह। संवाद
- फोटो : Rewari
एसडीएम होशियार सिंह ने सोमवार को गांव कान्हड़वास सिथत राजकीय उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो अध्यापक छुट्टी पर मिले और बाकी पूरा स्टॉफ हाजिर मिला।
एसडीएम होशियार सिंह निरीक्षण के दौरान सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर चेक किया और स्कूल मुखिया से फीडबैक लिया। उन्होंने निरीक्षण करते हुए सर्व शिक्षा अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने स्टॉफ सदस्यों से विद्यालय में बिजली, पानी, लैब आदि जरूरी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा विभाग सहित प्रत्येक विभाग की योजनाओं व कार्यों का हर जरूरतमंद को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए सेवा का अधिकार अधिनियम लागू किया गया है, जिसके तहत निर्धारित समय पर सेवाएं देने के लिए शेडयूल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर स्कूल से आएं। देरी से कार्यालय आने और बिना अवकाश स्वीकृत कराए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यालय में ई ऑफिस के तहत फाइलों की मूवमेंट की जानी सुनिश्चित की जाए, साथ ही कर्मचारी को अवकाश भी एचआरएमएस के जरिए आवेदन करना चाहिए। अब सरकार द्वारा सभी कर्मचारियों का डाटा एचआरएमएस में फीड किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उपमंडल के सभी सरकारी कार्यालयों की चेकिंग का अभियान निरंतर जारी रहेगा।