रेवाड़ी। उत्तर पश्चिम रेलवे मंडल जयपुर के प्रबंधक नरेंद्र सिंह अपनी नियुक्ति के 6 दिन बाद ही सोमवार शाम को रेवाड़ी जंक्शन पर पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान डेढ़ साल से बंद पैसेंजर रेलगाड़ियों के संचालन व एमएसटी शुरू करने की मांग लेकर दैनिक यात्री संघ के प्रधान हरीश भारद्वाज के नेतृत्व में ज्ञापन भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम को प्लेटफार्म पर गंदगी नजर आई तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर हर रोज सैकड़ों यात्री आते हैं, यहां सफाई का तो विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। वहां करीब आधे घंटे तक रेलवे संचालन प्रणाली और अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने मुख्य रूप से राजकीय रेलवे पुलिस के बैरक, स्टाफ क्वार्टर, रेलवे अस्पताल आदि का निरीक्षण किया।
स्टाफ क्वार्टर के लिए बजट की दरकार
उन्होंने निर्माणाधीन स्टाफ क्वार्टर की प्रगति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 30 प्रतिशत निर्माण कार्य हो चुका है। बाकी 70 फीसदी के लिए बजट की का इंतजार है। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि केवल दो चिकित्सक हैं। रेलवे अस्पताल में सहायक मेडिकल अफसर डॉ. केशव गुप्ता ने अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. आयुषी से बीमार लोगों को दी जा रही सुविधाओं के साथ स्टाफ समस्याओं के बारे में भी बातचीत की।
डीआरएम बोले- जरूरत के हिसाब से बढ़ेंगी सुविधाएं
रेलवे द्वारा जंक्शन पर लंबे समय से स्वचालित सीढ़ियों के दावे किए जाते रहे हैं। सोमवार को पहुंचे डीरआरएम से जब इन सीढ़ियों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही चार्ज संभाला है। निरीक्षण करने के बाद डीआरएम ने कहा कि जो भी जरूरी होगा उसे पूरा किया जाएगा। अभी यात्रियों की संख्या भी कम है। जैसे जरूरत होगी स्वचालित सीढ़ियां लगाई जाएंगी।
बीकानेर मंडल के प्रबंधक को कर्मचारियों ने बताईं समस्याएं
बीकानेर मंडल के रेल प्रबंधक राजीव श्रीवास्तव के प्रथम रेवाड़ी आगमन पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे इंप्लाइज यूनियन के मंडल सहायक मंत्री देवेंद्र यादव के नेतृत्व में रेलवे स्टॉफ सदस्यों ने उनका फूलों के बुक्के के साथ स्वागत किया। इस मौके पर देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी स्टॉफ के सभी सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। प्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक सतपाल सिंह, यातायात निरीक्षक सतपाल लांबा, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं गार्ड, सहायक लोको पायलट समेत अनेक कार्यालय कर्मचारी ने उनका स्वागत किया।