कोसली। खंड मुख्यालय नाहड़ को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि ऐतिहासिक महत्व रखने वाले नाहड़ को उसकी आवश्यकताओं के अनुरूप तहसील का दर्जा मिलना चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार नवाबी शासनकाल में वर्ष 1882 से नाहड़ में रोहतक कमीशनरी का तहसील कार्यालय संचालित होता था। स्वतंत्रता के बाद भी नाहड़ क्षेत्र चौबीसी के नाम से प्रसिद्ध रहा है। वर्तमान में यहां उप तहसील कार्यालय कार्यरत है, जबकि पटौदी और महम जैसी उप तहसीलें अब उपमंडल का दर्जा हासिल कर चुकी हैं।
नाहड़ में वर्ष 1962 से पंजाब राज्य के समय से ब्लॉक समिति कार्यालय संचालित है। वर्तमान में यहां सरकारी महाविद्यालय, पुलिस चौकी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु औषधालय, वन रेंज अधिकारी कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सीडीपीओ कार्यालय, बिजली कार्यालय, बैंक, पटवार घर, डाकघर सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय मौजूद हैं।
शहीद एवं पूर्व सैनिक अर्धसैनिक कल्याण समिति नाहड़ के संयोजक डॉ. जयभगवान भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नाहड़ उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग की है।