गांव माढैया के ग्रामीणों ने महिला थाने में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी द्वारा गांव के ही एक युवक को आए दिन फ्री सब्जी लेने और पीटने का आरोप लगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने दिल्ली रोड पर जेएलएन नहर के पास जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को भी महिला पुलिसकर्मी ने फ्री सब्जी मांगी और न देने पर गांव के युवक को पीटा।
जाम लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की समझाने में जुट गई। वहीं ग्रामीण महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर डटे हैं। गांव माढैया निवासी ढोलू ने बताया कि उसका नागरिक अस्पताल में ठेके पर पार्किंग स्टैंड है और वहीं सड़क से कुछ दूरी पर ही सब्जी की एक दुकान है। महिला थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी आए दिन फ्री सब्जी मांगने आती है।
मना करने पर पहले 24 जनवरी को पीटा था और मंगलवार शाम भी उसे पीटा। इसके साथ ही वह अपने पति के एसपी ऑफिस में होने की धमकी देते हुए जेल में बंद करने की भी धमकी देती है। ग्रामीणों ने मामले में दिल्ली रोड पर जाम लगाते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बाद में स्थानीय मॉडल टाउन पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की सुनवाई थाने में चल रही थी। इस संबंध में मॉडल टाउन एसएचओ जयप्रकाश ने बताया कि जाम खुलवा दिया है। दोनों पक्षों की बातें सुनकर निष्कर्ष निकाला जाएगा।