ब्रास मार्केट स्थित कपड़ा व्यापारी से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में डीएसपी मोहमद जमाल खान शुक्रवार को व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार गुड़गांव के गांव खेतीयावास निवासी धीरज ने ब्रास मार्केट में शोरूम खोला हुआ है। 17 अगस्त को उसके पास बदमाश लीलू ततारपुरिया ने फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी। खास बात यह है कि लीलू वही शख्स है, जिसका नाम अजीज गारमेंटस पर फायरिंग की वारदात के बाद सामने आया था।
लीलू पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन पुलिस अभी तक उसे पकड़ने में नाकाम साबित हुई है। वहीं पीड़ित दुकानदार की सुरक्षा को लेकर पुलिस भी गंभीर दिख रही है। एसपी के आदेश पर व्यापारी के शोरूम पर एक पुलिस जवान तैनात कर दिया गया है। वहीं आज शोरूम पर व्यापारी से बातचीत करने के लिए डीएसपी भी पहुंचे।
पुलिस को तुरंत सूचना दे व्यापारी
डीएसपी मोहमद जमाल खान ने बताया कि बदमाशों के बारे में जानकारी देने से व्यापारी भी बचते हैं। पहली बार धीरज को 15 अगस्त को फोन किया गया था, लेकिन उसने उस समय पुलिस को सूचित नहीं किया, बल्कि दूसरी बार फोन आने पर पुलिस को बताया। डीएसपी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वे तुरंत बदमाशों के बारे में पुलिस को सूचित करे। व्यापारियों की सुरक्षा में पुलिस 24 घंटे तैनात है।