करीब दस दिन पूर्व गांव मोतला खुर्द में हुई छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता दीनदयाल ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी रविंद्र गांव मोतला खुर्द का ही रहने वाला है। 23 अक्टूबर की रात को हितेश गली में खड़ा गांव के ही दो युवकों के साथ बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान एक युवक ने हितेश के पेट में मुक्का मार दिया। मुक्का लगने से हितेश की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद परिजन उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर रात को ही जाटूसाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक छात्र के परिजनों ने दोनों युवकों पर पीट-पीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस को दी शिकायत में छात्र के परिजनों ने बताया कि रौनक ने शुक्रवार की रात को फोन कर हितेश को घर से बुलाया था। पुलिस ने छात्र के परिजनों की शिकायत पर रविंद्र व रौनक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।