हरियाणा के रेवाड़ी जिले में कोसली थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर प्रतिबंधित नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन, कैप्सूल और दवाइयां बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करी के आरोपी की पहचान कोसली की सैनिक कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
कोसली थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सैनिक कॉलोनी में रहने वाला सुरेश नाम का व्यक्ति प्रतिबंधित दवाइयां बेचने का काम करता है। पुलिस ने घेराबंदी की तो देर शाम पता चला कि वह एक बैग में दवाइयां और इंजेक्शन भरकर कोसली से नाहड़ की तरफ जाने वाला है।
सूचना के मुताबिक, पुलिस ने ओवरब्रिज के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान सुरेश कंधे पर एक बैग टांगे आता दिखाई दिया। मुखबिर द्वारा इशारा करते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके साथ ही बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट सिंचाई विभाग के एसडीओ नंद किशोर को सूचना दी गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के पहुंचने के बाद उसकी तलाशी शुरू की। कोसली थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि आरोपी पर खोल और कोसली थाना में पहले से दो मामले दर्ज है। इस दौरान पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले दवाई सप्लाई का काम करता था। इससे आरोपी को दवाइयों की अच्छी जानकारी हो गई थी। फिर आरोपी अपने घर से ही प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने लगा।
आरोपी सुरेश के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया था, जहां से अदालत ने उसे दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है। - सुमेर सिंह, थाना प्रभारी, कोसली