साइबर ठगों ने हॉलैंड में बैठ कर हरियाणा के रेवाड़ी की एक आयल फील्ड कंपनी को चीन की कंपनी की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर लगभग 39 लाख रुपये का चूना लगाया। हालैंड स्थित आईएनजी बैंक के खाते में ठगी की इस रकम का भुगतान हुआ है। अब कंपनी की शिकायत पर पुलिस की साइबर सेल ने बैंक खाते को फ्रीज कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को सोमवार को दी शिकायत में बावल आईएमटी स्थित वैलरेक्स टेक्नालोजी प्रा. लि. के सीईओ राजीव गुप्ता ने बताया कि उनकी कंपनी आयल फील्ड उत्पाद बनाती है। इसी वर्ष अगस्त-सितंबर के दौरान उनकी चीन की कंपनी से एक बिजनेस डील 6,18,750 यूएस डालर में हुई।
डील के अनुसार राजीव गुप्ता ने अक्टूबर में चीन की कंपनी के बैंक अकाउंट में बुकिंग राशि के तौर पर 10,000 यूएस डालर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके कुछ दिनों बाद दूसरी किश्त के रूप में 51,875 यूएस डालर (38,90,625 भारतीय रुपये) दिए जाने थे।
यह भी पढ़ें ः यमुनानगर: बरात में रथ पर सवार दूल्हे के पिता से झपटा नकदी व गहनों से भरा बैग, गाजियाबाद से जगाधरी आई थी बरात
चीन की कंपनी से उनकी ई-मेल के जरिये बातचीत चल रही थी। इसी बीच पता लगा कि चीन की कंपनी के नाम से उनके पास फर्जी मेल भेजी गई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता लगा कि आईएनजी बैंक हालैंड के एक खाते में धोखाधड़ी करके राशि जमा कराई गई है। साइबर थाना पुलिस ने बैंक को ई-मेल भेज कर अकाउंट को फ्रीज कराया है। साउथ रेंज साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बावल की कंपनी से साइबर ठगी हुई है। कंपनी का रकम हालैंड की बैंक के एक खाते में गई है। इस रकम का वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कराने के क्रम में खाते को फ्रीज करा दिया गया। सारी रकम विधिक प्रक्रिया के बाद वापस लाई जाएगी। -रिषीकांत, इंस्पेक्टर, साइबर थाना, रेवाड़ी