अनाज मंडी के एक आढ़ती ने करीब दो सौ सरसों की बोरियां उत्तर प्रदेश में लेकर गए ट्रक चालक पर साथी के साथ मिलकर माल बीच में ही हड़प कर बेचने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद से चालक का पता न होने पर अनाज मंडी आढ़ती ने आरोपी चालक समेत एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नई अनाज मंडी निवासी राकेश कुमार आढ़ती हैं और शॉप नंबर 110 में ही उनकी दुकान है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 नवंबर को उन्होंने राजस्थान के झुंझुनूं निवासी राजेंद्र और उसके साथी राजकुमार को उत्तर प्रदेश में ले जाने के लिए 195 बोरी सरसों लोड कराई थी, लेकिन तय समय पर दोनों भेजे गए स्थान पर नहीं पहुंचे।
इसके बाद उसने दोनों को फोन कर पता किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। आढ़ती राकेश के अनुसार 195 बोरी सरसों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। मॉडल टाउन पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।