दोस्तों ने ट्रांसपोर्टर की हत्या कर नाले में फेंका शव, शव नहीं मिलने पर परिजनों ने लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी/बावल। बावल औद्योगिक क्षेत्र में असाही इंडिया कंपनी के समीप खुले नाले में मंगलवार की रात को बाइक में सहित गिरे एक ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह भी तलाश की गई लेकिन शव नहीं मिला तो गुस्साए परिजनों ने रेवाड़ी-बावल सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने नाले का पानी निकालकर जेसीबी से खुदाई कराकर दोपहर एक बजे शव निकाला। मृतक के सिर पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए उसके दो दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गांव सुठानी निवासी 30 वर्षीय प्रवीण असाही इंडिया कंपनी में ही ट्रांसपोर्टर का कार्य करता था। मंगलवार शाम को प्रवीण को प्राणपुरा निवासी जसवंत एवं यूपी निवासी ट्रक चालक किसी कार्य से घर बुलाकर लाए थे। रात करीब साढे़ 9 बजे प्राणपुरा निवासी जसवंत ने परिजनों को बताया कि प्रवीण असाही पुल के समीप नाले में गिर गया। सूचना के बाद परिजनों व पुलिस ने मौके पर आकर उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। जबकि उसकी बाइक व जूते नाले के समीप ही पड़े हुए थे। सुबह तक प्रवीण का सुराग नहीं लगने पर गुस्साएं ग्रामीणों ने करीब 9 बजे रेवाड़ी-बावल सड़क मार्ग पर मिंडा कट के पास जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना के बाद डीएसपी सतपाल यादव एवं सुरेश हुड्डा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने शव बरामद करने एवं आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। डीएसपी द्वारा पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया।
जाम के बाद पुलिस ने जेसीबी से खुदाई करके निकाला शव
ग्रामीणों द्वारा सुबह रोड जाम करने के दौरान कसौला थाना पुलिस ने हरकत में आई तथा नाले का पानी निकलवाया। इसके बाद जेसीबी द्वारा लगभग एक घंटे खुदाई के बाद दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने प्रवीण का शव नाले से बरामद कर लिया। मृतक विवाहित था तथा उसके दो बेटे हैं। शव बरामद होने के बाद जब उसके परिजनों ने देखा तो बताया कि उसके सिर पर चोट के निशान है जिससे उन्हें हत्या का अंदेशा है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राणपुरा निवासी जसवंत सिंह एवं चालक प्रेमसिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने प्राणपुरा निवासी जसवंत सिंह एवं यूपी निवासी प्रेमसिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी।
- गुरदयाल सिंह, जांच अधिकारी थाना कसौला