पार्किंग संचालक पर चाकू से हमला करने वाला गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के गोकल बाजार में खरीदारी करने आए शिव कॉलोनी निवासी पार्किंग संचालक बिल्लू उर्फ राजकुमार पर चाकू से हमला करने के एक आरोपी काला को पुलिस ने मंगलवार रात नई बस्ती से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त की गई स्कूटी व चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 17 जून की शाम को शिव कालोनी कालूवास रोड निवासी राजकुमार उर्फ बिल्लू अपने साथी के साथ कपड़े लेने के लिए गोकल बाजार गया था। इसी दौरान काला अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर आया तथा बिल्लू की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। बिल्लू ने बचने का प्रयास किया तो आरोपी के दोनों साथियों ने भी हमला कर दिया था। घायल अवस्था में उसे ट्रामा सेंटर मे भर्ती कराया गया था। पुलिस ने राजकुमार उर्फ बिल्लू की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।