अभ्यर्थियों ने ट्रेनों की जानकारी न मिलने पर तोड़फोड़ की
बरेली। जंक्शन पर तीन दिन तक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का तांता लगा रहा। आरपीएफ और जीआरपी को उन्हें नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा के अंतिम दिन घर लौटने के लिए जंक्शन पर जमा अभ्यर्थियों ने ट्रेनों की जानकारी न मिलने पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने अंदर घुसने के लिए इंक्वायरी का दरवाजा तोड़ दिया। इससे काफी देर तक अफरा-तफरा का माहौल रहा।
मंगलवार को पुलिस भर्ती परीक्षा का अंतिम दिन था। शाम को लखनऊ के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, मुगलसराय एक्सप्रेस आदि ट्रेनों से ज्यादातर अभ्यर्थी चले गए। रात में अभ्यर्थियों को पदमावत, नौचंदी और बाघ एक्सप्रेस की लोकेशन नहीं मिली तो वह हंगामा करने लगे। इंक्वायरी की प्लेटफार्म साइड की विंडो बंद होने पर जब उन्होंने इंक्वायरी ऑफिस में घुसने की कोशिश की तो स्टाफ से कहासुनी हो गई। इस पर अभ्यर्थियों ने दरवाजा तोड़ दिया। बाबुओं ने आरपीएफ/जीआरपी बुला ली। आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएस तोमर ने बताया कि भीड़ होने की वजह से दरवाजा तोड़ने वाले अभ्यर्थी पहचाने नहीं जा सके।