संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। जौनियावास गांव के पास ओवरब्रिज से लगे हाईवे की सर्विस रोड पर दूषित पानी भरने से वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को एक महीने से आवागमन में परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने डीसी को पत्र लिखकर समाधान करने की गुहार लगाई है।
पिछले दिनों एनएचएआई ने एक टीम को निरीक्षण के लिए यहां पर भेजा था। इस दौरान मालूम चला कि आसपास की कॉलोनियों का दूषित पानी नाले में आ रहा है। नाला ओवरफ्लो होने के कारण हाईवे पर पानी भर रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी प्रकार का समाधान नहीं होता है तो जल्द ही इस पर संबंधित विभाग को नोटिस जारी किया जाएगा, क्योंकि इससे सर्विस रोड को लगातार नुकसान पहुंच रहा है और लोगों को भी परेशानी हो रही है।
धारूहेड़ा औद्योगिक कस्बा होने के साथ ही यहां पर कंपनियों से माल ले जाने व लाने के लिए बड़ी गाड़ियों का उपयोग किया जाता है। एक माह से सर्विस रोड पर जलभराव के कारण ज्यादा दबाव से सड़क टूट कर बिखर गई है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे छोटी गाड़ियां इसमें फंस जाती है। यह काफी व्यस्त मार्ग है। कंपनियों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वाहन चालकों को दूसरी दिशा में अपने वाहन को मालपुरा कट तक ले जाना पड़ता है।
दुर्घटना होने का रहता है खतरा :
जलभराव होने के कारण वाहन चालक हाईवे पर उल्टी दिशा से होते हुए अपने वाहनों को ले जाते हैं, जिससे सामने से आ रहे वाहनों की रफ्तार को देखते हुए दुर्घटना होने का भय बना रहता है। फिर भी प्रशासन की तरफ से इस पार ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द समस्या को दुरुस्त करने की मांग की है।
-
वर्जन
पिछले दिनों टीम को निरीक्षण करने के लिए भेजा था। इस दौरान पता चला कि आसपास की कॉलोनियों का दूषित पानी नाले में आ रहा है। नाला ओवरफ्लो होने के कारण दूषित पानी हाईवे पर रहा है। डीसी को पत्र लिखा गया है। अगर समाधान नहीं होता है तो संबंधित विभाग को नोटिस जारी किया जाएगा। -प्रकाश तिवारी, अभियंता एनएचएआई, धारूहेड़ा।