रेवाड़ी। पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम के खिलाफ वीरवार को खोल खंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खोल खंड कार्यालय के सामने डॉ. एमएल रंगा पूर्व मंत्री के नेतृत्व में प्रदर्शन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने नारों के माध्यम से डीजल- पेट्रोल के बढ़े दामों को कम करवाने और कृषि कानूनों को निरस्त करवाने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सरपंच हरिराम खोल ने बताया कि पिछले सात सालों से किसान-मजदूरों का बुरा हाल रहा है। बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है और युवा वर्ग बेरोजगारी की मार से जूझ रहे हैं। लोगों के पास रोजगार के साधन नहीं रहे हैं। ऐसे में सरकार ने डीजल- पेट्रोल व गैस के दाम बढ़ाकर और महंगाई को बढ़ाकर आम आदमी को संकट में डाल दिया है।
एम्स व सैनिक स्कूल पर हो रही राजनीति : रंगा
डॉ. एमएल रंगा ने कहा कि दक्षिण हरियाणा में एम्स व सैनिक स्कूल को लेकर भेदभाव की राजनीति की जा रही है। जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार इन दोनों मामलों में कुछ नहीं करना चाहती है। जब चुनाव आते हैं एम्स के मुद्दे पर वोट मांगी जाती है और चुनाव के साथ ही इन प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। यदि पेट्रोल- डीजल व गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं हुए तो जिले और प्रदेश स्तर पर इसके विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। इन्हीं मुद्दों को लेकर रेवाड़ी मुख्यालय पर 10 जुलाई को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा व 15 जुलाई को पेट्रोल पंपों पर जाकर सरकार के खिलाफ महंगाई के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर अमित नांधा, कैप्टन मामन सिंह टींट, अखिलेश यादव, रामकिशन जेई, अमित, अमन, लालचंद, प्रदीप, फूल सिंह हेडमास्टर, प्रदीप, महेंद्र सरपंच, सुदेश बवाना गुज्जर, इंस्पेक्टर सरदार सिंह व जयपाल रूध आदि मौजूद रहे।