रेवाड़ी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में 47.27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विवि परिसर में राष्ट्रीय ध्वज भी फहराया। मुख्यमंत्री ने मनेठी- माजरा में प्रस्तावित एम्स को लेकर कहा कि यह केंद्र सरकार की योजना है। प्रदेेश सरकार ने इससे संबंधित अपनी सभी औपचारिकता पूरी कर दी हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के दिन हम अपने शिक्षकों को याद करते हैं। एक निर्माता के रूप में शिक्षक हमारा निर्माण करता है। अच्छी शिक्षा हमें अच्छा नागरिक बनाती है और उससे एक अच्छे समाज का निर्माण होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षा व शिक्षकों को सम्मान देने के लिए कई कार्य किए हैं। शिक्षकों के सम्मान को बढ़ावा देने के लिए उनके जन्मदिन 17 सितंबर तक शिक्षा पर्व मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के मामले कब होते दिख रहे हैं, जिसके चलते प्रदेश में विद्यालय और महाविद्यालय धीरे-धीरे खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान, जवान और पहलवान का कोई मुकाबला नहीं है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलंपिक और पैरालंपिक सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि आईजीयू मीरपुर ग्रामीण अंचल में स्थापित होने के कारण यहां सभी जरूरी सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष मांग रखी कि इस विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए शिक्षकों के सभी पदों को भरने के साथ इसकी राष्ट्रीय राज्य मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी की जाए। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार गक्खड़ ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मां शारदा छात्रावास, इंडोर-आउटडोर स्टेडियम के लिए भूमि पूजन किया और परिसर में पौधे भी लगाए। कार्यक्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय के मास्टर प्लान, कुटुम्ब-पूर्व छात्र संगठन अधिनियम, अपशिष्ट जल संशोधन एवं विद्युत उत्पादन मॉडल का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की प्रोफेसर रितु बजाज की प्रबंधन पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, अटेली के विधायक सीताराम यादव, हरको बैंक के चेयरमैन डॉ. अरविंद यादव, भाजपा के जिला अध्यक्ष हुकमचंद यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव, कुलसचिव डॉ. प्रमोद कुमार, डीन एकेडमिक अफेयर डॉ. ममता कामरा, डॉ. एसएस यादव, आईजी विकास अरोड़ा, उपायुक्त यशेंद्र सिंह, एसपी अभिषेक जोरवाल आदि उपस्थित रहे।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आईजीयू में 8 करोड़ रुपये की लागत से 3720.70 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले महिला छात्रावास के फेज-1, 6.81 करोड़ रुपये की लागत से 1569.5 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इंडोर स्टेडियम, 6.92 करोड़ रुपये की लागत से 20274.04 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले आउटडोर स्टेडियम, 2.5894 करोड़ रुपये की लागत से पुस्तकालय विस्तार, 3.64 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय परिसर विस्तार और 20.2085 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवी रमन विज्ञान भवन का शिलान्यास किया।
एम्स की सभी औपचारिकताएं पूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने माजरा-मनेठी में बनने वाले एम्स को लेकर कहा कि यह केंद्र सरकार की योजना है। प्रदेश सरकार ने अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। केंद्र सरकार से बात करके जल्द ही एम्स का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। एम्स को लेकर कुछ जमीन का विवाद चल रहा था। जिसे किसानों से बातचीत कर सुलझा दिया गया है। मनेठी-माजरा बनने वाले एम्स को लेकर अब रास्ता बिल्कुल साफ हो गया है।