पत्रकार वार्ता में उपस्थित संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह व अन्य।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में रविवार को मुख्यमंत्री आएंगे। यहां वह 47.27 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने बैठक कर मुख्यमंत्री का विरोध जताने का निर्णय लिया है। इधर, जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल 5 सितंबर को आईजीयू में 47.27 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जिले से चार संगठन मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए मीरपुर रवाना होंगे। रविवार को किसान संगठनों ने किसान भवन में बैठक में आयोजित कर इस संबंध में रणनीति बनाई। संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि रविवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार कर ली गई है। सभी किसान संगठन जवाहरलाल नेहरू पार्क में एकत्रित कर होकर मीरपुर के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि किसान पिछले 9 माह से कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनसुनी कर रही है। 5 सितंबर को किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे। पुलिस प्रशासन जहां हमें रोकेगा, वहीं हम प्रतिवाद स्वरूप गिरफ्तारी दे देंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में 100 से अधिक किसान शामिल होंगे। वहीं जिला प्रशासन ने किसानों की चेतावनी के बाद बैठक आयोजित कर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के दावे किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने शनिवार को मुख्यमंत्री के रेवाड़ी आगमन को लेकर आईजीयू में पहुंचकर व्यवस्थाओं व प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसके गक्खड़, कुल सचिव डॉ. प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल के साथ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चर्चा की और आवश्यक इंतजाम की समीक्षा भी की।
यह रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री मनोहर लाल विवि में 8 करोड़ रुपये से 3720.70 वर्ग मीटर में बनने वाले महिला छात्रावास के फेज-1, 6.81 करोड़ रुपये से 1569.5 वर्ग मीटर में बनने वाले इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। 6.92 करोड़ से 20274.04 वर्ग मीटर में बनने वाले आउटडोर स्टेडियम, 2.5894 करोड़ से पुस्तकालय विस्तार, 3.64 करोड़ रुपये के आवासीय परिसर विस्तार और 20.2085 करोड़ से बनने वाले सीवी रमन विज्ञान भवन का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री विवि परिसर में पौधरोपण, नवनिर्मित राष्ट्रीय ध्वज, विश्वविद्यालय मास्टर प्लान, पूर्व छात्र संगठन अधिनियम और अपशिष्ट जल संशोधन एवं विद्युत उत्पादन मॉडल का लोकार्पण करेंगे। वहां केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन, योजना एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।