रेवाड़ी। पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल के निकट से गोवंशों से भरा ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक से 13 गोवंशों को मुक्त कराकर धारूहेड़ा गोशाला में भिजवा दिया है। वहीं, ट्रक से 9 गोवंश मृत मिले हैं। इस दौरान पुलिस ने गो-तस्करी के तीन आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि दो आरोपी भागने में कामयाब रहे।
गो-टास्क फोर्स के सदस्य गौरव ने बताया कि उनको सोमवार की रात सूचना मिली कि राजस्थान से एक ट्रक में गोवंशों को गोकसी के लिए मेवात क्षेत्र ले जाया जाएगा। सूचना के बाद गो टास्क फोर्स व पुलिस ने नैचाना कट के निकट नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने राजस्थान की ओर से आ रहे एक ट्रक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक की गति बढ़ा दी और धारूहेड़ा की तरफ भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने बनीपुर चौक पर बैरिकेडिंग कराकर यातायात रोक दिया, जिस कारण जाम की स्थिति बन गई। चालक ने ट्रक को वापस मोड़कर बावल की तरफ दौड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आगे अंडरपास होने के कारण ट्रक नहीं निकल पाया।
ट्रक में सवार लोग भागने लगे तो तीन आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में जिला नूंह के गांव अड़बर निवासी मौसम, अंतपुरा निवासी राजू व राजस्थान के गांव कुचामन निवासी राहुल है। आरोपियों के दो साथी अड़बर निवासी शौकत व सज्जी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने ट्रक से 13 जिंदा व 9 मृत गाय बरामद कर लीं हैं। पुलिस ने गायों को उपचार के लिए गोशाला भिजवा दिया। पुलिस ने गौरव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार लिया है।