रेवाड़ी में ट्रक के नीचे आने से हुई महिला की मौत के मामले में आरोपी ड्राइवर की पहचान हो चुकी है। मॉडल टाउन थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रक किसी और का था। आरोपी बतौर चालक रूप में कार्य करता था। ट्रक के नंबर प्लेट से पहले उसके मालिक का पता लगाया गया। उसके बाद ड्राइवर की पहचान की गई है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। वहीं, मृतक महिला की पहचान गांव शहबाजपुर खालसा निवासी पिंकी (44) के रूप में हुई थी।
पिंकी के परिवार में उसकी सास और पति के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। बता दें कि हादसा 2 मार्च की दोपहर गढ़ी बोलनी रोड स्थित कर्मचारी कॉलोनी के बाहर हुआ था। गांव शहबाजपुर खालसा निवासी पिंकी (44) अपनी बेटी के साथ स्कूटर पर किसी काम से शहर आई थी। दोपहर को दोनों स्कूटर से अपने घर शहबाजपुर खालसा जा रहे थे। कर्मचारी कॉलोनी के पास ही एक ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रही उनकी बेटी सड़क के एक तरफ और पिंकी दूसरी तरफ ट्रक के नीचे फंस गई। जब तक ट्रक रुका, उसके टायर महिला के ऊपर से गुजर चुके थे।