रेवाड़ी। धारूहेड़ा को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयास सिरे चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से धारूहेड़ा बाईपास को बनाने की मुहिम शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसके टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। करीब 4 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण पर 125 करोड़ की लागत आएगी।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पिछले दिनों हुई मुलाकात में उन्होंने धारूहेड़ा के लोगों की समस्या को रखा था। जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि धारूहेड़ा के आउटर बाईपास को बनाने के लिए योजना तैयार करें। अब यह योजना सिरे चढ़ने जा रही है। धारूहेड़ा आउटर बाईपास के टेंडर को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। धारूहेड़ा का यह बाईपास कपड़ीवास चौक के नजदीक से होता हुआ सीधा भिवाड़ी रोड पर निकलेगा। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से 4 किलोमीटर लंबे धारूहेड़ा बाईपास को बनाने के लिए करीब 125 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है। बाईपास के बनने के बाद धारूहेड़ा शहर के बीच से भिवाड़ी को जाने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा और धारूहेड़ा शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। राव ने कहा कि धारूहेड़ा के विकास को आगे बढ़ाने के लिए वो निरंतर प्रयासरत हैं।
एनएच-48 पर फ्लाईओवर के नीचे सड़क सुधारने के आदेश
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 48 धारूहेड़ा फ्लाईओवर के नीचे सड़कों की स्थिति से स्थानीय लोगों ने उन्हें अवगत करवाया है। फ्लाईओवर के नीचे सड़क की समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कपड़ीवास चौक पर फ्लाईओवर और ओवरलीफ बनाने का काम आउटर बाईपास बनाने की योजना के दौरान किया जाएगा। इसके लिए वे लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के संपर्क में है और जल्दी ही काम शुरू करवाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पैदल यात्रियों की समस्याओं को दूर करने के लिए खरखड़ा के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। वहीं करीब 8 फुट ओवरब्रिज का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से किया जा रहा है।
उपप्रधान ने राव से मिलकर की विकास कार्यों पर चर्चा
बुधवार को धारूहेड़ा नगर पालिका उपप्रधान चुनाव में सर्वसम्मति से जीतने के बाद उपप्रधान अजय जांगड़ा ने दिल्ली स्थित आवास पहुंचकर धारूहेड़ा में विकास कार्यों को शुरू करने के लिए चर्चा की। इस दौरान धारूहेड़ा के अन्य पार्षद भी मौजूद रहे। जांगड़ा ने बताया कि राव के आशीर्वाद से उपप्रधान की कुर्सी मिली है। ऐसे में दिल्ली पहुंचकर उनका आशीर्वाद लेकर धारूहेड़ा में बंद विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।