अवैध कॉलोनी पर चल रहा बुलडोजर। स्रोत : विभाग
- फोटो : Samvad
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से सोमवार को नियंत्रित क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। राजस्व संपदा छुरियावास में करीब 1.5 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में पांच डीपीसी और कच्चे रोड नेटवर्क को हटाया गया। वहीं, राजस्व संपदा मांढैया कलां में करीब तीन एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में चार चारदीवारी और कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने बताया कि कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में भारी पुलिस बल की सहायता से की गई। उन्होंने आमजन से नियंत्रित क्षेत्र में अवैध निर्माण नहीं करने और प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता की जांच करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में लोग अक्सर खाली जमीन पर प्लॉट खरीद लेते हैं और बाद में निर्माण शुरू होने पर विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। इससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय से कॉलोनी की वैधता की जानकारी ली जा सकती है। विभाग ने लोगों से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट नहीं खरीदने और निर्माण से पहले नियमानुसार अनुमति लेने की अपील की है।