रेवाड़ी। वर्ष 2019 में फर्जी कागजात बनाकर एक निजी फाइनेंस कंपनी से लोन पास कराकर धोखाधड़ी करने के मामले में थाना माडल टाऊन के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-3 की चौकी की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव सहड़ निवासी अनिल कुमार उर्फ माडू के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
6 अप्रैल 2019 को गांव रोलियावास निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह ब्रास मार्केट स्थित शुभम हाउसिंग डवलपमेंट फाइनेंस लिमिटेड में ब्रांच मैनेजर है। कंपनी लोगों को हाउसिंग लोन देती है। अलवर के गांव खेड़ी निवासी पवनजीत ने उनकी कंपनी में 20 लाख रुपये का लोन लेने के लिए अपनी फाइल लगाई थी। इसमें पवनजीत ने अपना आर्मी का कार्ड, अपना आधार कार्ड, अपने खाते की बैंक स्टेटमेंट, फार्म 16 व अपने अन्य केवाईसी के कागजात लगाए थे। कंपनी ने पवनजीत को 11 लाख 99 हजार 118 रुपये का लोन पास कर दिया। 6 अप्रैल 2019 को पवनजीत अपने एक और साथी कुलदीप के साथ कंपनी के ऑफिस में लोन का चेक लेने के लिए आया था। पवनजीत ने ऑफिस में आकर कंपनी द्वारा पास किए गए लोन का चेक जल्दी देने का आग्रह किया था।
पवनजीत ने बताया था कि उसे उरी में ड्यूटी के लिए कल जाना है। कंपनी द्वारा आईसीआईसीआई बैक का चेक 11 लाख 99 हजार 118 रुपये का पवनजीत को दिया गया और चेक की फोटोकॉपी रिसीव करा ली थी। इसी दौरान ही साथ आए लड़के कुलदीप ने पवनजीत को पंकज के नाम से पुकारा, इस कंपनी के अधिकारियों को शक हुआ। अधिकारियों ने चेक वापस लेते हुए पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि उसका नाम पंकज है। वह अलवर के गांव जखराना कलां का रहने वाला हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंकज व कुलदीप को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से पूछताछ में अनिल कुमार उर्फ माडू का नाम सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।