रेवाड़ी में आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते डीसी यशेन्द्र सिंह। संवाद
- फोटो : Rewari
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत रेवाड़ी के बाल भवन सभागार में 31 अक्तूबर की शाम को हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणवी सांस्कृतिक विधा के साथ ही आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। यह जानकारी डीसी यशेंद्र सिंह ने दी।
डीसी ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित गतिविधियों के मद्देनजर हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन की वीसी के उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होेंने कहा कि रेवाड़ी योद्धाओं की भूमि है। ऐसे वीर योद्धाओं को स्मरण करते हुए 31 अक्तूबर को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें उन 86 शहीदों के परिजनों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिनके नाम पर जिले के राजकीय विद्यालयों का नामकरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में हरियाणा कला परिषद के कलाकारों के साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों व क्षेत्र के लोक कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत एवं हरियाणवी संस्कृति की झलक को प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक विधाओं की प्रस्तुति दी जाएगी।
अगस्त 2023 तक चलेगा आजादी का अमृत महोत्सव
डीसी ने बताया कि हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने वीसी के माध्यम से बताया कि हरियाणा में आजादी का अमृत महोत्सव अगस्त 2023 तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा, जिसमें शहीदों के परिजनों को भी शामिल किया जाएगा। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों में तथा लेटर हेड पर आजादी का अमृत महोत्सव थीम को शामिल करें। वीसी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक जिले में आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर प्रदर्शनी लगाई जा रही है, जिसके माध्यम से लोगों को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी और वे वीर शहीदों के इतिहास से जागरूक भी होंगे। डीसी ने महानिदेशक डॉ. अग्रवाल को अवगत कराया कि रेवाड़ी जिले में 15 से 17 नवंबर तक स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का योगदान थीम पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस अवसर पर सीटीएम रोहित कुमार, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीडीपीओ एचपी बंसल, पीओ आईसीडीएस संगीता यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।