रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिसंंबर 2021 में एक युवक को कार में लिफ्ट देकर अपहरण और लूटपाट करने के मामले में सीआईए रेवाड़ी ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जखाला निवासी इंद्रजीत उर्फ मोनू के रूप में हुई है। यह वर्तमान में गुरुग्राम सेक्टर-45 में रहता था। इसके खिलाफ धारूहेड़ा थाना में दो मामले और राजस्थान में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इंद्रजीत दो साल से फरार था।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के कोटपुतली के गांव भैसलाना निवासी राजेंद्र जांगिड़ ने शिकायत दी थी कि वह 19 दिसंबर 2021 की शाम को हाईवे पर फ्लाईओवर के निकट बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कार में आए युवकों ने कोटपुतली तक के लिए उसे बैठा लिया। उसके साथ खड़ा एक और युवक भी कार में सवारी बनकर बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद युवकों ने राजेंद्र के साथ मारपीट कर 3500 रुपये व मोबाइल छीन लिया था। आरोपियों ने मारपीट कर डेबिट कार्ड का पिन भी पूछ लिया और एटीएम बूथ पर खाते से भी रुपये निकाल लिए थे। आरोपी राजेंद्र को अलवर के गांव फौलादपुर के निकट फेंककर फरार हो गए थे। तब धारूहेड़ा थाना पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी इंद्रजीत उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया।