रेवाड़ी। फर्जी कागजात बनाकर एक निजी फाइनेंस कंपनी से लोन पास कराकर धोखाधड़ी करने के मामले में थाना माडल टाउन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के भुगांरका निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस कुल पांच आरोपियों को पहले ही पकड़ चुकी है।
गांव रोलियावास निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि ब्रास मार्केट स्थित वह एक फाइनेंस लिमिटेड कंपनी में ब्रांच मैनेजर है। कंपनी लोगों को हाउसिंग लोन देती है। अलवर के गांव खेड़ी निवासी पवनजीत ने उनकी कंपनी में पवनजीत निवासी खेड़की थाना बहरोड जिला अलवर राजस्थान ने 20 लाख रुपये का लोन लेने के लिए अपनी फाइल लगाई थी। जिसमें पवनजीत ने अपना आर्मी का कार्ड, आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, फार्म 16 व अन्य दस्तावेज जमा कराए थे। कंपनी ने पवनजीत को कुल 11 लाख 99 हजार 118 रुपये का लोन पास कर दिया। पूछताछ में पता लगा कि पवनजीत का असली नाम पंकज यादव निवासी जखराना कला थाना बहरोड जिला अलवर राजस्थान है तथा उसके द्वारा दिए गए सभी कागजात फर्जी हैं। सूचना के बाद सेक्टर-तीन चौकी पुलिस भी ब्रास में पहुंची थी और पंकज व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया था।