रेवाड़ी। थाना रोहड़ाई पुलिस ने अवैध हथियार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आशीष उर्फ देवीलाल पुत्र अजीत सिंह निवासी रोहड़ाई जिला रेवाड़ी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। जांचकर्ता ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि आशिष उर्फ देवीलाल अपनी बाइक पर करावरा मानकपुर रोड स्थित रेलवे फाटक पर खड़ा है तथा उसके पास अवैध हथियार है।
मिली सूचना के आधार पर थाना रोहड़ाई पुलिस ने रेडिंग पार्टी तैयार करके करावरा मानकपुर रोड स्थित रेलवे फाटक पर पहुंची तो एक व्यक्ति बाइक पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने उस व्यक्ति को काबू करके नाम-पता पुछा तो उसने अपना नाम आशीष उर्फ देवीलाल पुत्र अजीत सिंह निवासी रोहड़ाई जिला रेवाड़ी बताया। पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।