तिहाड़ा मार्ग पर सोमवार की देर शाम हादसा हुआ, ट्रैक्टर ट्रॉली चालक करीब 30 मीटर तक दोनों को घसीटते हुए ले गया था। पुलिस ने तेजपाल के भाई चमनलाल की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है।
तिहाड़ा मार्ग पर सोमवार की देर शाम बजरी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट मेें ले लिया। इस दौरान वह करीब 30 मीटर तक दंपती सहित बाइक को घसीटते ले गया। इस दौरान राजस्थान के जिला अलवर गांव मोहम्मदपुर निवासी बाइक चालक तेजपाल (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूतेरी देवी (42) को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तेजपाल के भाई चमनलाल की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
चमनलाल ने बताया कि तेजपाल उनके भाई थे। वह दोनों बावल स्थित एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। तेजपाल के तीन बच्चे हैं। सोमवार की देर शाम तेजपाल अपनी पत्नी भूतेरी (45) के साथ बाइक पर मोहम्मदपुर से बावल आ रहे थे। उनका बड़ा बेटा साहिल कई दिनों से बीमार चल रहा है, भूतेरी देवी उसे देखने के लिए आ रही थीं।
तभी रास्ते में तिहाड़ा मार्ग के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। जांच अधिकारी बीर सिंह का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है, जांच पड़ताल जारी है।