रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 30 मार्च से 12वीं और 31 मार्च से 10वीं की होने वाली परीक्षाओं के लिए तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। जिले में परीक्षा के लिए 62 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक रेवाड़ी उपमंडल में 37, बावल में 13 और कोसली में 13 केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र एक सप्ताह पूर्व जारी किए जा चुके हैं। उक्त जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी नसीब सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को प्रश्नपत्र व लेखन सामग्री के पैकेट पहुंचा दिए गए हैं। अब 28 मार्च को सुबह नौ बजे से केंद्र अधीक्षकों को संबंधित लेखन सामग्री वितरित की जाएगी। वहीं प्रश्नपत्र डेटशीट के अनुसार केंद्र अधीक्षकों को सुबह साढ़े दस बजे वितरित किए जाएंगे।
दाेपहर साढ़े 12 बजे से आरंभ होंगी परीक्षाएं
10वीं और 12वीं की परीक्षा का समय दोपहर साढ़े 12 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक रहेगा। परीक्षार्थी परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं जहां 30 मार्च से आरंभ होंगी और 27 अप्रैल को समाप्त होगी। वहीं दसवीं कक्षा की परीक्षा 31 मार्च से आरंभ होंगी तथा 20 अप्रैल को समाप्त होगी। दसवीं कक्षा के 10 हजार 578 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, वहीं बारहवीं कक्षा के नौ हजार 560 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
5.75 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह के मुताबिक इस बार प्रदेश में 10वीं कक्षा के करीब साढ़े तीन लाख (3.50) और 12वीं कक्षा के लगभग सवा दो लाख (2.25) विद्यार्थी परीक्षा देंगे। दोनों कक्षाओं के कुल 5.75 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
कोट
हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से 30 मार्च से आयोजित की जाने वाली 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 62 केंद्र बनाए गए हैं। नकल रहित माहौल में परीक्षा कराने के इंतजाम किए गए हैं।
- नसीब सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, रेवाड़ी