गांव धमतान साहिब में वीरवार रात पैसे के लेनदेन में हुए झगड़े के दौरान आरोपियों ने बीचबचाव करने आए दुकानदार के चचेरे भाई जसविंदर की हत्या कर दी। जबकि दुकानदार कुलदीप घायल हो गया।
घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दुकानदार की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव धमतान निवासी कुलदीप वाल्मीकि मोहल्ले में करियाना की दुकान चलाता है। वीरवार रात को मोहल्ले का ही जरनैल सिंह दुकान पर कुछ सामान लेने आया। जब कुलदीप ने जरनैल को उधार में सामान देने से मना किया तो दोनों में तकरार हो गई। उस समय तो जरनैल घर चला गया।
कुछ समय के बाद वह अपने भाई दिलबाग, दीपक और अपने पिता बीरा के साथ दुकान पर आया और डंडों-रॉड से कुलदीप पर हमला कर दिया। कुलदीप ने बचाव में शोर मचाया तो उसका चचेरा भाई जसविंदर मौके पर पहुंचा। हमलावरों ने जसविंदर पर भी रॉडों से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों घायलों को परिजन अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने जसविंदर की हालत गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर जरनैल सिंह, दिलबाग, दीपक और उनके पिता बीरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव धमतान साहिब में झगड़ा हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।