फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में हंगामा: सेना भर्ती न होने से नाराज युवा सड़कों पर उतरे, कई जिलों में हुए प्रदर्शन

Sun, 08 May 2022 02:10 PM IST
निवेदिता वर्मा अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा

सार

सेना की भर्ती न होने के कारण रविवार को युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित युवाओं ने सड़कों पर जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 
विज्ञापन
हिसार में प्रदर्शन करते युवा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सेना की भर्ती न होने के कारण रविवार को युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित युवाओं ने सड़कों पर जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। झज्जर की यादव धर्मशाला के पास ग्रामीण क्षेत्र से आए युवाओं में सेना की भर्ती न होने के कारण जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक जाम लगाए जाने के बाद युवाओं ने शहर थाना प्रभारी के आश्वासन पर जाम खोल दिया। कोसली रोड क्षेत्र के गांवों के युवा करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर ट्राली लेकर यादव धर्मशाला के पास पहुंचे और उन्होंने रोड के बीच में बैठकर आक्रोश जताया। जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी व यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

विज्ञापन


पुलिस ने युवाओं को समझा कर करीब आधे घंटे बाद ही जाम खुलवा दिया। शहर थाना प्रभारी शेर सिंह ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन के माध्यम से उनकी मांगों को सरकार तक भिजवा देंगे। युवाओं ने कहा कि पिछले कई साल से भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की भर्तियां बार-बार रद्द हो रही है और उनकी उम्र निकलती जा रही है। उनका कहना है कि नौकरी न मिलने के कारण युवा बेरोजगार होते जा रहे हैं। उनकी सरकार से मांग है की सेना व वायुसेना की भर्तियां करवाई जाए ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।

 

 युवाओं को समझा कर जाम खुलवा दिया है और यातायात व्यवस्था सुचारू करवा दी गई है। - शेर सिंह, थाना प्रभारी शहर, झज्जर।

युवाओं की मांग भारत सरकार जल्द निकाले आर्मी की भर्ती 

पिछले 2 साल से नहीं हो रही आर्मी भर्ती को लेकर रविवार को हिसार जिले के युवाओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर रैली निकाली। इसके साथ ही युवाओं ने ओवरएज होने के कारण आर्मी में भर्ती होने से मायूस फंदा लगाकर अपनी जान देने वाले तालु गांव के पवन को भी श्रद्धांजलि दी। युवाओं के इस प्रदर्शन को किसान यूनियन व रिटायर आर्मी पर्सन ने भी समर्थन दिया।

रविवार सुबह 9 बजे हिसार के युवा रामायण टोल प्लाजा व बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रामायण टोल प्लाजा को किसानों ने टोल फ्री करवाया। सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक किसी भी वाहन ने टोल नहीं दिया। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। करीब 12 बजे युवाओं ने रामायण टोल प्लाजा से लेकर हांसी लघु सचिवालय तक जुलूस निकाला। इस दौरान सरकार से मांग की कि जल्द ही आर्मी की भर्ती निकाली जाए। युवाओं ने यह भी कहा कि अगर जल्द से जल्द आर्मी की भर्ती नहीं निकाली तो प्रदर्शन तेज कर दिया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राठी, किसान नेता कुलदीप खरड़, आर्मी से सेवानिवृत्त कैप्टन चरण सिंह, किसान नेता दसरथ मलिक आदि ने बताया कि 2 साल से आर्मी की भर्ती आयोजित नहीं हो रही है। ऐसे में हमारे देश के हजारों युवा ओवरएज होते जा रहे हैं। ओवरएज होने के कारण युवा आर्मी में ज्वाइन नहीं हो रहे हैं। जिसके कारण उनका फौज में लगने का सपना टूट रहा है। इसका असर युवाओं पर देखने को मिल रहा है, आज युवा फंदा लगाकर आत्महत्या करने को मजबूर हो गया है। प्रदर्शन कर रहे सभी युवाओं ने भारत सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द आर्मी की भर्ती आयोजित की जाए ताकि युवाओं का आर्मी में लगने का सपना व देश की सेवा करने का सपना पूरा हो सके।

फतेहाबाद में नाराज युवाओं ने किया रोड जाम

फतेहाबाद जिले के गांव समैन व जांडली खुर्द में सेना में भर्ती न खुलने से नाराज युवाओं ने रविवार को सिरसा चंडीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। युवाओं का कहना था कि सेना में भर्ती प्रक्रिया  नहीं होने से उन्हें बेरोजगारी झेलनी पड़ रही है। कई युवा ओवरएज होने को है। अगर जल्द भर्ती नहीं खुली तो वे देश सेवा का सपना साकार नहीं कर पाएंगे। जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।

प्रदर्शन कर रहे युवा संदीप कुमार, अनिल कुमार, दीपक, महेंद्र सिंह, सुनील कुमार आदि ने बताया कि कोविड काल के कारण पहले सेना की भर्तियां रद्द कर दी गई। अब काफी समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो रही है। इस कारण उनका सेना में भर्ती होने का सपना टूटने की कगार पर पहुंच गया है। वे रोड जाम के जरिये सरकार तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं। एसडीएम डॉ चिनार चहल ने जाम लगा रहे युवाओं से कहा कि वह उनकी समस्या लिखित में उन्हें दे। वह इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचा देगी। एसडीएम के आश्वासन पर युवाओं ने जाम खोल दिया।

भिवानी में युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली 

भिवानी में सेना भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर क्षेत्र के युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान युवाओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और मांग की कि सेना भर्ती को शीघ्र शुरू की जाए। युवाओं ने मांग की कि सेना भर्ती में युवाओं को उम्र में दो साल की छूट दी जाए। रविवार को तिरंगा यात्रा की शुरुआत से पहले बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। 

आम आदमी पार्टी के नेता ललित अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 3 साल से सेना भर्ती को बंद कर रखा है। थल सेना, वायु सेना और जल सेना में हर वर्ष 80000 युवाओं की भर्ती होती है। पर, कोरोना महामारी के दौरान करीब 200000 युवा सेना भर्ती से वंचित रह गए। इसलिए युवा सरकार से मांग करते हैं कि सेना भर्ती को शीघ्र शुरू की जाए और इसमें उम्र की 2 साल की छूट दी जाए ताकि कोई युवा ओवरएज की वजह से सेना भर्ती से वंचित न रहे। युवाओं ने शहर के विभिन्न मार्गो पर रोष प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

सिरसा में भावदीन टोल प्लाजा पर नारेबाजी 

सिरसा में रविवार को युवाओं ने भावदीन टोल प्लाजा और ऐलनाबाद में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला। भावदीन टोल प्लाजा के साथ स्थित पेट्रोल पंप के पास रोड पर युवाओं ने 15 मिनट तक धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। फौज की तैयारी करने वाले युवा रविवार सुबह 10.30 बजे हिसार रोड स्थित भावदीन टोल प्लाजा पर एकत्र हुए। युवाओं ने टोल प्लाजा के साथ स्थित पेट्रोल पंप के साथ रोड पर धरना दे दिया। इस दौरान डिंग थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और युवाओं को समझाया और 15 मिनट के बाद ही युवाओं को वहां से हटा दिया। युवाओं ने रोड से हटकर पेट्रोल पंप पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा तरसेम सिंह, निहाल सिंह, हरदीप कुमार, साजन कुमार, सुखदेव सिंह ने कहा डेढ़ वर्ष पहले शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया की अब तक परीक्षा नहीं हो पाई। जबकि दो वर्षों से नई भर्ती के लिए सरकार ने कोई तैयारी तक नहीं की है। जिसके कारण कई युवाओं की आयु भी अधिक हो चुकी है। युवाओं ने जल्द से जल्द भर्ती करवाने की मांग उठाई। इस दौरान गांव भावदीन, नेजाडेला, खुहवाली, डिंग रोड, नागोकि, फरवाई, जगमालवाली सहित अन्य कई गांवों के युवा टोल प्लाजा पर एकत्र हुए। 

ऐलनाबाद में युवाओं ने निकाला रोष मार्च 

भर्ती करवाने की मांग को लेकर ऐलनाबाद के शहीद ऊद्यम सिंह चौक पर काफी संख्या में युवा एकत्र हुए। युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान युवा शहर के मुख्य बाजार से रोष मार्च निकालते हुए आंबेडकर चौक पर पहुंचे और दो घंटे तक सरकार के खिलाफ रोष जताया। वहीं युवाओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जवानों की जरूरत है। लेकिन सरकार फौज की भर्ती नहीं कर रही। फौज में भर्ती होने के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की है। लेकिन दो वर्षों से भर्ती न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि फौज में भर्ती होने के लिए वह बार बार आवेदन करते है लेकिन परीक्षा नहीं हो पाती। जिसके कारण उन्हें आर्थिक रुप से परेशान होने के साथ साथ मानसिक रुप से भी परेशान होना पड़ रहा है। 

युवा बोले पांच वर्ष से कर रहे तैयारी, अब दो माह में हो जाएंगे अपात्र 

वहीं युवा नरेश कुमार, तरसेम सिंह ने बताया कि वह बीते पांच वर्षों से फौज की तैयारी कर रहे है। लेकिन भर्ती न होने और पहले वाली परीक्षा न होने के कारण वह दो माह बाद भर्ती के लिए अपात्र हो जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि कई युवाओं ने तो अब सेना में भर्ती होने का सपना भी खो दिया है। जबकि कई युवाओं के अभिभावक उन्हें विदेश जाने और अन्य कोई कार्य करने के लिए कह रहे है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें