हरियाणा के सभी जिलों में सुबह छह बजे से पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल कर रहे हैं। इसके चलते सभी जिलों में तेल के लिए वाहन चालक भटक रहे हैं। उन्हें कहीं भी डीजल और पेट्रोल नहीं मिल पा रहा। वाहन चालकों को अगले 24 घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार सुबह छह बजे तक हड़ताल जारी रहेगी। ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन व पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के आह्वान पर 15 नवंबर की सुबह 6 बजे से 24 घंटे तक प्रदेश के सभी पेट्रोल पंपों को बंद करने का एलान किया गया था।
ये भी पढ़ें-
हिसार: एएलएम की परीक्षा से एक दिन पहले ही पकड़ा गया सॉल्वर गैंग, पेपर पास करवाने के लिए वसूले जाते थे 15 लाख रुपये
एसोसिएशन का कहना है कि सरकार की नीतियों के चलते उन्हें नुकसान हो रहा है। इसके विरोध में वह 24 घंटे की हड़ताल कर रहे हैं। इस दौरान सरकारी वाहन, एंबुलेंस व पुलिस के वाहनों को ही तेल मिलेगा। हालांकि सीएनजी पंप पर हड़ताल नहीं है। एसोसिएशन की मुख्य मांग है कि प्रदेश में गोदामों में बन रहे मानक के विपरीत डीजल की बिक्री रोकी जाए। तेल कंपनियों की ओर से डीलरों पर थोपी गई एक्साइज ड्यूटी व वैट कम किया जाए। वर्ष 2017 के बाद डीलरों का कमीशन नहीं बढ़ाया गया है, इसे बढ़ाया जाए।
ये भी पढ़ें-
नारनौल में बड़ा हादसा: शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार नहर में गिरी, तीन लोगों की मौत
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने भी दिया समर्थन
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष गुलशन डंग ने पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के पक्ष में बंद को समर्थन दिया है। उन्होंने उनकी मांगों को जायज बताया था। कहा था कि प्रदेश और केंद्र सरकार एवं तेल कंपनियों की हठधर्मिता के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को वैट में असमानता के कारण समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। वहीं, पीडीडब्ल्यूए पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष संजीव चौधरी की ओर से भी बंद का आह्वान किया गया था।
हिसार जिले में करीब 230 पेट्रोल पंपों पर हड़ताल है। पेट्रोल पंपों पर पहुंचने वाले वाहन चालक वापस लौट रहे हैं। अधिकतर वाहन चालकों ने रविवार को ही पेट्रोल-डीजल डलवा लिया था। हिसार शहर में दो सरकारी पेट्रोल पंप खुले रहे। अनाज मंडी के सामने तथा ब्लू बर्ड पर्यटन केंद्र स्थित इन पंप पर दिन भर पेट्रोल-डीजल लेने वालों की लाइन लगी रही।