पानीपत। सिविल अस्पताल में विलाप करते हुए मृतक अमन के भाई रमन व मां।
- फोटो : Panipat
पानीपत। सेक्टर-25 स्थित जिमखाना क्लब के स्वीमिंग पूल में रविवार को एक 18 वर्षीय युवक डूब गया। उसे दोस्तों ने पानी से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजन विलाप करते हुए अस्पताल पहुंचे और दोस्तों पर ही बेटे को मारने का आरोप लगाया। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।
नूरवाला की हरि सिंह कॉलोनी निवासी रमन ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे उसका भाई अमन (18) अपने दोस्त सूरज और सन्नी के साथ सेक्टर-25 स्थित जिमखाना क्लब के स्वीमिंग पूल में नहाने गया था। कुछ देर बाद दोस्तों ने घर पर फोन कर अमन की मौत की सूचना दी। वह अस्पताल पहुंचे और दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि जिमखाना क्लब में तीन और पांच फुट गहरे पानी के पूल हैं। अमन पांच फुट गहने पानी में नहा रहा था, जबकि वह तीन फुट वाले हिस्से में थे। अमन उनके पास आया और उन्हें तैरने के बारे में बताने लगा। उसने यह भी बताया कि उसे चक्कर आ रहे थे। उसके बाद वह दोबारा पांच फुट गहरे पानी में चला गया। कुछ देर बार उन्होंने पांच फुट गहरे पानी वाले पूल की ओर देखा तो अमन नहीं दिखा। उन्होंने तलाश की तो अमन पानी में डूबा मिला, जिसे बाहर निकाला और उसे उलटा कर पेट से पानी निकाला। सामान्य अस्पताल के लिए बाइक पर बैठाकर चले तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जबकि परिजनों ने दोस्तों पर शक जाहिर किया है और पुलिस से गहनता से जांच करने की अपील की है। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। अमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था।