हरियाणा के पानीपत जिले के खंड इसराना की रहने वाली पहलवान राधिका जागलान ने बुलगारिया में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर भारत का परचम लहराया है। राधिका ने 62 किलोग्राम भारवर्ग में पदक जीता है। उनकी इस सफलता से गांव, कॉलेज और एनसीसी बटालियन में खुशी का माहौल है।
राजकीय कॉलेज इसराना में राधिका तृतीय वर्ष की छात्रा और एनसीसी 12 हरियाणा बटालियन सोनीपत की कैडेट हैं। डेन कोलोव अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 फरवरी तक बुलगालिया के वैलिको टैरनोवो शहर में हुआ। राजकीय कॉलेज के एनसीसी प्रभारी डॉ. बलिंद्र गुलिया ने बताया कि राधिका जागलान ने फिर से देश, प्रदेश, जिले और गांव का नाम रोशन किया है।
वह बीते वर्ष नवंबर में हुई जूनियर वैश्विक कुश्ती प्रतियोगिता के अंडर-23 में भी वह कांस्य पदक जीत चुकी हैं। राधिका अब तक अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिताओं में 20 से अधिक पदक जीत चुकी हैं।
बुलगारिया में कांस्य पदक जीतने पर एनसीसी सोनीपत के एडम कर्नल अनुज मान, यूनिट से अनिल यादव एवं राजकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप कंधवाल ने राधिका जागलान को बधाई दी है। राधिका जागलान के घर परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। एनसीसी के निदेशक ने इस उपलब्धि पर राधिका जागलान को बधाई दी है। अब राधिका का लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाना है।