समालखा। वैश्य महाविद्यालय के निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी के साथ अन्य।
- फोटो : Panipat
वैश्य एजुकेशन सोसायटी एवं उसके अंतर्गत आने वाली संस्थाओं के चुनाव रविवार को स्थानीय वैश्य कन्या महाविद्यालय में हुए। कड़े मुकाबले में सतनारायण बंसल ने सतप्रकाश को सात मतों से मात दी और सोसायटी के प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं अग्रसेन स्कूल के प्रधान पद पर छह वर्ष से काबिज प्रेम मित्तल को इस बार हार का सामना करना पड़ा और अशोक गुप्ता नए प्रधान चुने गए।
वैश्य एजुकेशन सोसायटी सहित उसके अंतर्गत आने वाले महाराजा अग्रसेन स्कूल, वैश्य कन्या महाविद्यालय, वैश्य कन्या स्कूल और वैश्य ब्वॉयज स्कूल की कुल 26 सीटों पर त्रिवर्षीय चुनाव हुए। जिसमें से 20 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
वहीं 268 मतों के लिए सबसे दिलचस्प मुकाबला अग्रसेन स्कूल की प्रधान की कुर्सी के लिए अशोक गुप्ता और प्रेम मित्तल के बीच रहा, जिसमें अशोक गुप्ता को 268 में से 148 मत मिले जबकि प्रेम मित्तल को 120 मत ही मिले। अग्रसेन स्कूल के सचिव पद पर श्यामलाल और अमित गर्ग के बीच मुकाबला हुआ। अमित गर्ग ने 158 वोट प्राप्त किए और श्याम लाल को 108 वोट मिले जबकि दो वोट रद्द हो गए। अमित गर्ग ने सबसे ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है।
वैश्य एजुकेशन सोसायटी के प्रधान पद पर सतनारायण बंसल ने 137 मत हासिल किए, जबकि विपक्षी सतप्रकाश गर्ग को 130 वोट मिले थे। एक वोट रद्द हुआ। सोसायटी के सचिव पद पर सुमेश जैन विजयी हुए। जिन्हें 142 और उनके प्रतिद्वंदी बिजेंद्र गर्ग को 125 मत मिले। इसके अतिरिक्त कोषाध्यक्ष पद के लिए ईश्वर मित्तल को 148 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्धी हरबंस गोयल को 118 मत ही मिले। दो वोट रद्द हुए।