पानीपत। आगामी पांच सितंबर को होने वाली मुजफ्फरनगर महापंचायत में शामिल होने के लिए भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट ने 10 हजार किसानों का लक्ष्य लिया है। इसी लक्ष्य के साथ जिले के गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को एकजुट करने के लिए गांव में बनी कमेटियों को साथ लेकर काम किया जा रहा है, ताकि महापंचायत में अधिक संख्या में पानीपत के किसानों की उपस्थिति हो सके।
जिले के गांवों में दौरा करते हुए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के जिला प्रधान सुधीर जाखड़ ने कहा कि 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत पूरे देश की सबसे बड़ी पंचायत होगी। दावा किया कि यह एक रिकॉर्ड बनाएगी, जहां पर 20 लाख से ज्यादा किसानों की पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पानीपत से ही 10 हजार किसान मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे।
महापंचायत में शामिल होने के लिए हर गांव में जाकर लोगों को न्योता दिया जा रहा है और किसान समाज में इसे लेकर काफी उत्साह है। जनसंपर्क अभियान के दौरान भाकियू नेता मौजूद रहे।
रोज 10 से 15 गांव में कर रहे जनसंपर्क
भारतीय किसान यूनियन मुजफ्फरनगर महापंचायत में ज्यादा से ज्यादा किसानों को शामिल करने के लिए गांव की कमेटी के साथ मिलकर रोज 10 से 15 गांव में जनसंपर्क अभियान चला रही है। यह कार्यक्रम 31 अगस्त से चल रहा है। अगले चार दिन में जिले के सैकड़ों गांव में जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए गांव कमेटी की मुखिया की ड्यूटी लगा दी गई है।
बचे गांवों में ब्लॉक प्रधान करेंगे जनसंपर्क
बचे गांवों में जहां पर जिला प्रधान नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां पर ब्लॉक प्रधान की ड्यूटी लगाई गई है। वे अपने ब्लॉक के सभी गांव में लोगों से मिलकर महापंचायत में शामिल होने की योजना बताएंगे।
करीब पांच हजार किसान 4 सितंबर की रात को ही हो जाएंगे रवाना
करीब पांच हजार किसान 4 सितंबर की रात को ही मुजफ्फरनगर में हो रही महापंचायत के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं जिला प्रधान सुधीर ने बताया कि आधे किसानों ने रात में जाने की योजना बनाई है। हालांकि तीन अगस्त को जिले के सभी किसानों को पूरी जानकारी दे दी जाएगी, जिसके अनुसार, वे महापंचाययत के लिए पानीपत से रवाना होंगे।
मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत के लिए किसानों को दिया निमंत्रण
मतलौडा। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ने मंगलवार को मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत के लिए मडलौडा ब्लॉक के दर्जनों गांवों का दौरा किया गया। महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की किसानों से अपील की गई। इस मौके पर जनसभा से पहले बसताड़ा टोल प्लाजा एवं किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया । इस दौरान महापंचायत में पहुंचने के लिए सबसे पहले मलिक खाप के आगे आने की कदम की सरहाना की गई। गांवों के हिसाब से प्रचार सामग्री, झंडे, बिल्ले आदि भी बांटे गए। इस अवसर पर जिला उपप्रधान राम सिंह कुंडू, जिला महासचिव राजेंद्र दहिया, जिला सचिव राजरूप फौजी, मुख्य सलाहकर देवेंद्र जाटल, रामबीर रूहल, नरसी बेनीवाल आदि मौजूद रहे।