बापौली/सनौली। गांव सनौली खुर्द में सोमवार को बिना डिग्री और पंजीकरण के अवैध रूप से चलाई जा रही क्लीनिक में सीएम फ्लाइंग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। मौके से भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गईं। क्लीनिक में दो महिलाएं मरीजों का इलाज करती मिलीं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। क्लीनिक के पंजीकरण का कोई दस्तावेज भी नहीं मिला। दोनों झोलाछापों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
सीएम फ्लाइंग टीम की टीम ने सीएमओ की ओर से गठित टीम को साथ लेकर कार्रवाई अंजाम दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम में नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार, डॉ. रजत कठपाल, डॉ. रीमा, अमित कुमार और प्रवीन कुमार शामिल रहे। दोनों टीम गांव सनौली खुर्द के पेट्रोल पंप के पास एक क्लीनिक में पहुंचीं। जहां दो महिलाओं इलाज करती मिलीं। उनकी चिकित्सीय योग्यता के बारे में पूछा गया, लेकिन वे जवाब नहीं दे सकीं। उनके पास क्लीनिक संबंधी कोई दस्तावेज भी नहीं मिला। मौके से टीम को भारी मात्रा में दवाएं, कैप्सूल, इंजेक्शन आदि मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
दोनों महिलाओं ने टीम को बताया कि क्लीनिक कैराना निवासी एक व्यक्ति की है, वह सिर्फ यहां मरीजों को देखती थीं। टीम ने दोनों महिलाओं के जरिए क्लीनिक के मालिक को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। इसके बाद टीम ने पुलिस को शिकायत दी। थाना सनौली पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। सनौली खुर्द थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।