अहमदपुर माजरा गांव में शनिवार शाम को आसमानी बिजली गिरने से बबूल का पेड़ दो फाड़ हो गया और उसकी सारी शाखाएं तिनाकों की तरह बिखर गई।
बिजली गिरने से पेड़ के नीचे बंधी दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली की तेज गर्जना के भय के चलते ग्रामीण काफी देर तक घरों में ही कैद होकर रह गए। गांव में आंनद वाल्मीकि के घर के आंगन में लगे बबूल के पेड़ पर शनिवार शाम को तेज तूफान और गर्जना के साथ बिजली आ गिरी।
बिजली गिरते ही बबूल का पेड़ दो फाड़ हो गया। सभी शाखाएं तिनकों की तरह बिखर गई। इतना ही नहीं इस पेड़ के नीचे बंधी दो बकरियां भी मौके पर ही मर गई। आंनद ने बताया कि जैसे ही बिजली गिरी तो तेज आवाज व चमक निकली। इसके बाद अगले दस मिनट तक न तो कुछ सुनाई दिया और न ही कुछ दिखाई दिया।
भय के चलते आसपास के लोग भी काफी देर तक बाहर नहीं निकले। बाद में एक-एक कर कई पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बिजली गिरने से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस घटना के बाद से आनंद का पूरा परिवार सदमे में है।