अशोक बिहार में दुकानदार से हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को सीआईए-3 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी बरामद करने और अन्य साथियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि सोमवार को बलजीत नगर नाके पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पानीपत की तरफ से दो युवक एक सप्लेंडर बाइक पर सवार होकर आए। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। कुछ दूरी पर उन्हें काबू किया। गहनता से पूछताछ की तो आरोपियों ने अपनी पहचान रोहित और आशीष निवासी राजाखेड़ी के रूप में बताई। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 15 सितंबर बुधवार की शाम अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अशोक बिहार में एक युवक से अवैध देसी पिस्तौल के बल पर 15 हजार रुपये से भरा पर्स छीनने की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। उपरोक्त मामले में हनुमान कॉलोनी निवासी अजय की शिकायत पर किला थाना में रिपोर्ट दर्ज है।
जिस बाइक पर घूम रहे थे आरोपी, वह भी चोरी की निकली
इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की बाइक का इंजन और चैसीज नंबर ऑनलाइन चेक किया तो उपरोक्त बाइक बीते दिनों मित्तल मैगा मॉल की पार्किंग से चोरी की निकली। उक्त बाइक चोरी के संबंध में थाना चांदनी बाग में हितेश निवासी बबैल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।