परल ढाबा के सामने खराब खड़े ट्रक में एक के बाद एक दो ट्रकों की टक्कर हो गई। तीसरे नंबर वाले ट्रक चालक को गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
सोनीपत के नकलोई गांव निवासी कुलदीप (40) पुत्र जय सिंह पिछले छह माह से गन्नौर स्थित एक डस्ट कारोबारी के पास ट्रक पर ड्राइवर की नौकरी करते थे। वह वीरवार को सुबह रणजीतपुर से दिल्ली कुंडली बॉर्डर के लिए ट्रक में बालू लेकर चला था, लेकिन जब वह पानीपत में जीटी रोड पर परल ढाबा के सामने पहुंचा तो उनके सामने एक ट्रक चल रहा था। जीटी रोड पर खराब खड़े ट्रक की वजह से सामने चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिस वजह से कुलदीप के ट्रक का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रक में जा भिड़ा और उसकी मौके पर मौत हो गई। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।