पानीपत। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से स्वास्थ्य विभाग फिर अलर्ट हो गया है। बुधवार को महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा के कार्यालय से 24 और यात्रियों की सूची मिली है। मंगलवार को 17 यात्रियों की सूची मिली थी। इन दो दिनों में 41 लोगों की सूची मिल चुकी है। इनमें से विभाग ने 26 लोगों को ट्रेस कर लिया है। इनके आरटीपीसीआर टेस्ट भी हुए हैं। इनको होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इनकी सूचना इनके संबंधित मेडिकल ऑफिसर को सौंप दी गई है। सभी को 72 घंटे पहले हुई आरटीपीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। रिपोर्ट निगेटिव है तो भी उन्हें होम क्वारंटीन रहना होगा। आठवें दिन दोबारा टेस्ट होगा और सात दिन तक सेल्फ मॉनीटरिंग करनी होगी।
इन दो दिनों में जो 41 लोग पानीपत लौटे हैं इनमें से अधिकतर मॉडल टाउन, यमुना एंन्कलेव, एल्डिको व टीडीआई सिटी से हैं। ये लोग यूएई, चीन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, अमेरिका, न्यूजीलैंड व इंग्लैंड से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से लौटे लोगों के स्वास्थ्य की मॉनीटरिंग करने के लिए आशा वर्कर की ड्यूटी लगाई है। प्रत्येक दिन घर में दस्तक देकर स्वास्थ्य की रिपोर्ट लेंगी। अगर किसी को कोरोना के लक्षण है कि तो उन्हें जांच के लिए प्रेरित करेंगी।
विदेश से लौटे लोगों के लिए गाइडलाइन
जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही कोरोना जांच होगी।
यात्रियों को 72 घंटै पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखानी होगी।
संक्रमित यात्री को आइसोलेट किया जाएगा, सैंपल की जीनोम सीक्वेसिंग भी होगी।
रिपोर्ट निगेटिव आने पर क्वारंटीन रहना होगा।
आठवें दिन पुन: टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव होने पर सात दिन सेल्फ मॉनीटरिंग होगी।
जो भी लोग लौटे हैं इन्हें लग चुकी है दोनों डोज
इन दो दिनों में 41 लोगों की सूची मिली है। इनमें से 26 ट्रेस हो गए हैं। ये लोग वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं। इनकी एयरपोर्ट पर भी आरटीपीसीआर जांच हुई है। यहां इन्हें ट्रेस कर क्वारंटीन किया जा रहा है। -डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन