गांव खंडरा में बनाए गए स्वागत मंच पर नीरज चोपड़ा समेत तीन अर्जुन अवार्डी, खिलाड़ी, एथलेटिक्स फेडरेशन के पदाधिकारी और उपायुक्त को ही जगह मिली। खिलाड़ियों ने इस मौके पर विचार रखे और नीरज के आने से पहले उनका स्वागत किया गया। नीरज के स्वागत मंच पर पहले अर्जुन अवार्डी नीरज चोपड़ा खुद रहे। जिसके बाद भारतीय बास्केट बॉल टीम के पूर्व कप्तान एवं अर्जुन अवार्डी अजमेर सिंह और हिसार से आए वॉलीबॉल के उस्ताद अर्जुन अवार्डी दिलेर सिंह चौहान मौजूद रहे। साथ ही पहलवान नैना ने भी मंच साझा किया। नीरज के स्वागत कार्यक्रम से राजनीतिक दलों को दूर रखा गया। इसी का नतीजा रहा कि भाजपा से सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी या कोई नेता नहीं दिखा। हालांकि जजपा नेता देवेंद्र कादियान और कांग्रेस से विधायक बलबीर वाल्मीकि गांव पहुंचे, लेकिन उनकी भी मंच से दूरी रही।
अहंकार में मत आना बेटा नीरज : दिलेर सिंह
अर्जुन अवार्डी दिलेर सिंह ने कहा कि बेटा नीरज आपने पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया है। कभी भी अहंकार में मत आना कि मैंने यह किया, मैंने वह किया। उन्होंने नीरज को बताया कि कभी भी मैं या मैंने बात मत करना, बस कहना कि हमने किया।
नीरज मेरे गांव का ही है, हमारे गांव के पास दो अर्जुन अवार्ड हैं : अजमेर
अर्जुन अवार्डी अजमेर सिंह ने बताया कि हमारे गांव के दो अर्जुन अवार्ड हैं। मुझे गर्व है कि हम दोनों एक ही गांव के हैं। सभी को लगता है कि नीरज गोल्ड जीत गया, लेकिन उस एक गोल्ड के पीछे नीरज ने 10 साल पसीना बहाया है।
गांव वालों व सभी अतिथियों को खाना खिलाकर ही भेजा
नीरज के स्वागत कार्यक्रम में अलग-अलग गांव एवं हरियाणा के अलग-अलग कोने से आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत उनके पिता सतीश चोपड़ा ने किया। वहीं उनके गांव के युवाओं ने 20 हजार से ज्यादा लोगों को खाना खिलाया और उनके घर वालों ने अपने सभी रिश्तेदारों एवं गांव वालों को मिठाई वितरित की।