सरकार ने डाटा अपडेट करने के लिए चार दिनों के लिए यूएलबी हरियाणा और यूएलबी एनडीसी की वेबसाइट को बंद कर दिया है। इसलिए अब चार दिन तक न तो एनडीसी के लिए आवेदन किया जा सकेगा और न ही प्रॉपर्टी आईडी के लिए। साइट बंद होने से शहर के सैकड़ों एनडीसी और प्रॉपर्टी आईडी तक के आवेदन अटक गए हैं। इसके अलावा शहरवासी न तो ऑनलाइन अपने बिलों को देख सकेंगे और न उनका भुगतान कर पाएंगे। इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि साइट अपडेट हो रही है। इसके लिए निकाय की तरफ से इसे बंद कर दिया गया है। चार दिन के बाद ये साइट अपने आप शुरू हो जाएगी।
बता दें कि 31 मार्च तक प्रॉपर्टी टैक्स की छूट के लिए ही इसे वीरवार रात 12 बजे तक खोला गया था। जिससे लोग अपने बिलों की जांच कर ऑनलाइन बिलों का भुगतान तक कर सकें लेकिन रात 12 बजे के बाद एक अप्रैल शुरू होते ही इसे बंद कर दिया गया। अब ये साइट चार अप्रैल तक बंद रहेगी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जो प्रॉपर्टी संबंधित काम ऑफलाइन का है वह चालू रहेगा लेकिन ऑनलाइन के लिए साइट को अस्थायी तौर के लिए बंद किया गया है।
निगम कार्यालय में रही भीड़, लोगों की बढ़ी चिंता
साइट बंद होने के बाद काफी लोग पालिका बाजार निगम कार्यालय भी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से इस बारे में पूछा तो अधिकारियों ने बताया कि अपडेट के चलते इस साइट को बंद किया गया है। वहीं, जिन लोगों ने रजिस्टरी के लिए अपने टोकन लिए थे और सिर्फ एनडीसी के इंतजार में थे उनकी परेशानी भी काफी बढ़ी दिखाई दी।
अपडेट हो रही साइट, इसलिए बंद
दोनों साइट को निकाय की ओर से अपडेट किया जा रहा है। इसमें शहर की प्रॉपर्टी का डाटा अपडेट होगा। इसलिए इसे चार अप्रैल तक बंद किया गया है। पांच अप्रैल से साइट अपने आप चलने लगेगी।
जितेंद्र कुमार, डीएमसी, नगर निगम, पानीपत।