पानीपत। दिल्ली पैरलल नहर के किनारे शनिवार की रात पौने नौ बजे कंफेक्शनरी की दुकान पर सिगरेट लेने के बहाने लूट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाश अपने मंसूबे में नाकाम रहे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे थे। यही कारण है कि जब दुकानदार ने बदमाशों का विरोध किया और उनसे भिड़ गया तो उन्होंने फायरिंग के बाद गल्ले को निशाना बनाया, लेकिन उसमें सिर्फ दो हजार रुपये और आईफोन ही हाथ लगे, जिसे लेकर बदमाश फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दिन में दुकानदार ने बैंक से पांच लाख रुपये की नकदी निकाली थी, जिस पर बदमाशों की नजर थी।
घायल दुकानदार शशि कुमार के पिता रणबीर सिंह ने बताया कि वह ठेकेदार हैं। उनके दो बेटे हैं, बड़ा शशि और छोटा अमन। बेटा शशि शनिवार को दिन में बैंक से करीब पांच लाख रुपये निकलकर ले आया था। उन्होंने आशंका जताई कि बदमाशों को कहीं से इसकी भनक लग गई थी। यही कारण है कि उन्होंने लूटपाट के इरादे से दुकान पर धावा बोला था, लेकिन उस दौरान रकम दुकान में रखी ही नहीं गई थी। वहीं बदमाशों की फायरिंग में जख्मी दुकानदार शशि ने बताया कि तीन बदमाश उसकी दुकान में घुसे थे, जबकि दो युवक उसकी दुकान से कुछ दूरी पर ही खड़े थे, जिनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
आशंका जताई कि वे भी वारदात में शामिल हो सकते हैं। उधर, पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी हरि नगर निवासी आकाश और खुखराना निवासी अजय को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जिसके आधार पर तीसरे आरोपी शहजाद की तलाश में दबिश दी जा रही है।
दोस्त के निकलते ही अंजाम दी वारदात
घायल दुकानदार शशि ने बताया कि वारदात से पहले उसका दोस्त प्रवीन उर्फ मोनू पास में ही बैठा था। प्रवीन के घर जाते ही बाइक सवार बदमाश दुकान में आ धमके। इससे पहले रात होने के कारण उसने प्रवीन को घर पहुंचकर फोन करने के लिए कहा था, लेकिन प्रवीन के फोन से पहले ही बदमाशों ने धावा बोल दिया और गोली मारकर फरार हो गए थे। प्रवीन ने जब घर पहुंचकर फोन किया तो उसे वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद वह वापस लौटा और उसे अस्पताल लेकर गया।
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया
वारदात को अंजाम देने वाले तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गहनता से पूछताछ करने, वारदात में प्रयोग बाइक, पिस्तौल और तीसरे साथी के ठिकानों का पता लगाकर दबिश देने के लिए दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही तीसरे आरोपी को काबू कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर बलराज सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी