पानीपत। निजी अस्पताल की पहली मंजिल से दो दिन के नवजात को एक कुत्ता उठा ले गया। इसके बाद अस्पताल के बाहर नोंच नोंचकर नवजात को मार डाला। घटना सोमवार की देर रात हुई, जब मां अपने नवजात बच्चे को दूध पिलाकर स्वयं भी सो गई। अचानक मां की नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं था। व्याकुल होकर उसने परिजनों को जानकारी दी। खोजबीन के दौरान अस्पताल के बाहर एक कुत्ता बच्चे को नोंचता मिला। पिता ने नवजात को कुत्ते से छुड़ाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। क्षत विक्षत हालत में नवजात का शव देख मां बेहोश हो गई। मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस को भी शिकायत दी।
घटनाक्रम के अनुसार यूपी के कैराना स्थित फोरगाण निवासी शबनम पत्नी आस मोहम्मद को 25 जून को हार्ट एंड मदर केयर अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था, जहां रात 8:15 बजे उसने बच्चे को जन्म दिया। वह अस्पताल की पहली मंजिल स्थित जनरल वार्ड में भर्ती थी। दो दिन बाद सोमवार की रात कमरे में नवजात के साथ माता-पिता, दादी व ताई भी थे। परिजनों के सोने के बाद शबनम भी नवजात को दूध पिलाकर सो गई। रात सवा दो बजे के करीब जब उसकी नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं मिला। परिजनों ने बच्चे की तलाश की और अस्पताल प्रबंधन से भी इसकी शिकायत दी। काफी खोजबीन के बाद जब परिजन अस्पताल के बाहर पहुंचे तो वहां एक कुत्ता नवजात को नोचता हुआ मिला। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया, लेकिन तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी। इस संबंध में शिकायत के बाद मंगलवार को सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी विजय सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने डॉक्टरों और परिजनों से पूछताछ की।