समालखा। गांव नारायणा-डिडवाडी रोड पर कार ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया। इसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग को अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। समालखा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजदों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूूरे मामले की जांच कर रही है।
गांव नरायणा निवासी अंकुश कुमार ने बताया कि वह आयकर विभाग में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनके 72 वर्षीय ताऊ मेघराज रविवार को गांव डिडवाडी में काम से गए थे। साढ़े तीन बजे उन्होंने ताऊ से घर लौटने के बारे में पूछा था। ताऊ ने उसे बताया कि वह पैदल घर की ओर आ रहे हैं। वह बाइक पर ताऊ को लेने जा रहे थे। गांव डिडवाडी के रजवाहे के पास उसकी आंखों के सामने एक कार ने उसके ताऊ को टक्कर मार दी। कार में गांव नारायणा के रणबीर, बलबीर व अंकित सवार थे। कार रणबीर चला रहा था। हादसे के बाद ये कार से उतरे थे। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार तीनों घायल हो गए। तीनों नशे की हालत में थे। वह अपने ताऊ को निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।