पानीपत। नकली तारकोल मामले में सीआईए-1 ने पांचों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। वहां से तीन आरोपियों सुनील, जितेंद्र और अनिरुद्ध को जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी बिजेंद्र और पवन को पूछताछ के लिए पुलिस ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने तीन माह पहले ही सिवाह के रहने वाले युवक से फैक्टरी किराए पर ली थी। उपरोक्त मामले में रिफाइनरी के अधिकारियों की भी मिलीभगत की आशंका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
गौरतलब है कि सीआईए-2 पुलिस की टीम ने रविवार शाम रिफाइनरी रोड पर ड्रीम रिसोर्ट के पास गुप्त सूचना पर दबिश देकर नकली तारकोल बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान फैक्टरी से भारी मात्रा में नकली तारकोल बनाने में प्रयोग किए जा रहे सामान और तैयार नकली तारकोल बरामद किया था। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनकी पहचान बिजेंद्र, सुनील, जितेंद्र, अनिरुद्ध व पवन के रूप में हुई थी। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में आईपीसी की धारा 407, 420, 379, 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।